हनुमानगढ़, 19 अगस्त। हनुमानगढ़ टाउन के पूर्ण नगर वार्ड नंबर 15 तथा प्रेम नगर में यूथ वीरांगना संस्था ने महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण एवं ब्यूटी पार्लर केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि महात्मा गांधी राजकीय चिकित्सालय के ब्लड बैंक की दर्शना ढाका ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्षेत्र की अनेक महिलाएं एवं संस्था की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
यूथ वीरांगना मीनाक्षी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि महंगाई के दौर में परिवार का भरण-पोषण करना कठिन होता जा रहा है, इसलिए घर की महिलाओं एवं लड़कियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से संस्था द्वारा निशुल्क सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया गया है ताकि महिलाएं हुनर सीखकर स्वावलंबी बन सकें। उन्होंने बताया कि दोनों केंद्रों पर योग्य व अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। वर्तमान में दोनों केंद्रों पर दोनों कोर्स के लिए 15-15 महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। सिलाई प्रशिक्षण का समय प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद महिलाएं स्वयं का कार्य शुरू कर सकें, इसके लिए भी विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।
यूथ वीरांगना ऐशणा ने बताया कि संस्था द्वारा समाजहित में गरीब कन्याओं की शादी में सहयोग, जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरण, वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण तथा अन्य सामाजिक गतिविधियां संचालित की जाती रही हैं। इससे पूर्व भी संस्था द्वारा सिलाई केंद्र संचालित किए जा चुके हैं, जिनसे प्रशिक्षित होकर कई महिलाएं आज स्वयं का सिलाई व्यवसाय चला रही हैं और अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। मुख्य अतिथि दर्शना ढाका ने यूथ वीरांगनायें टीम के कार्य की सराहना की।
कार्यक्रम में यूथ वीरांगनायें प्राची, रजनी, रीमा, भावना, ऐशणा, कंचन, मीनाक्षी, संगीता, मधु सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। उपस्थित अतिथियों ने महिलाओं को हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर बनाने, असहाय परिवारों की मदद करने तथा सामाजिक सरोकारों के लिए कार्य करने को प्रेरणादायक बताया और समाज के सभी वर्गों से इस प्रयास में तन, मन व धन से सहयोग करने की अपील की।
— सांध्य बॉर्डर टाइम्स, श्रीगंगानगर


No comments:
Post a Comment